चांडिल/चौका। सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। झाबरी के समीप सुबह लगभग चार बजे कोलकाता से रांची जा रही 'शिवम' ट्रैवल की यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में बस में सवार 20 से अधिक यात्री घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस के जरिए उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही और एनएच-33 पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने भी पुलिस के साथ राहत और बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।
फिलहाल पुलिस दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करने में जुटी है। हादसा ड्राइवर को झपकी आने से हुआ या किसी तकनीकी खराबी के कारण, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
