रांची। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से फसलों को पहुँच रहे नुकसान को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है।उपायुक्त (डीसी) श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आज बारिश से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की तथा अपर समाहर्ता सहित संबंधित अधिकारियों को राहत कार्य व क्षति आकलन से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान जिला दंडाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में कृषि फसलों को हुए नुकसान का तत्काल आकलन किया जाए और जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि प्रभावित किसानों के लिए समय पर आवश्यक राहत कार्य शुरू किए जा सकें।
श्री भजन्त्री ने जिले के सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने अंचल क्षेत्र में बारिश से हुए कुल नुकसान का व्यापक सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही, जिला कृषि पदाधिकारी को भी विशेष रूप से क्षतिग्रस्त फसल के क्षेत्रफल, प्रभावित किसानों की कुल संख्या तथा अनुमानित आर्थिक नुकसान का आकलन कर अविलंब रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया गया है।
