​रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय के निर्देश पर बुधवार को अरगड़ा क्षेत्र में एक दिवसीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। पूर्वाहन 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक चले इस शिविर में कर्मचारियों ने अपनी सेवा से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को प्रबंधन के समक्ष रखा।

​शिविर की अध्यक्षता समाधान प्रकोष्ठ के मुख्य प्रबंधक गौतम चौधरी ने की। इस दौरान अरगड़ा क्षेत्र के स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन एवं प्रशासन) राजीव कुमार, मुख्य प्रबंधक (कार्मिक) तेजविंदर सिंह, समाधान सेल की नोडल अधिकारी सह वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) ऋचा टाइटस, स्टाफ अधिकारी (सिविल) सहित विभिन्न इकाइयों के मानव संसाधन अधिकारी उपस्थित रहे।

​शिविर में कर्मचारियों के आवास अनुरक्षण, पदोन्नति और अन्य सेवा संबंधी मामलों की गहन समीक्षा की गई। प्रबंधन ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए अधिकांश शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण कर कर्मचारियों को तत्काल राहत प्रदान की। वहीं, जिन मामलों में विस्तृत प्रक्रिया की आवश्यकता थी, उन्हें नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई के लिए दर्ज किया गया।

​प्रबंधन के अनुसार, यह पहल कर्मचारियों की शिकायतों के त्वरित समाधान और संस्थान में पारदर्शी व उत्तरदायी कार्य संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में सीसीएल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।