रांची। गणेश पूजा के दौरान शहर में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए राँची पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के नेतृत्व में मंगलवार देर रात पुलिस की उच्चस्तरीय टीम ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों, संवेदनशील इलाकों और 'क्राइम ब्लैक स्पॉट्स' का सघन भौतिक निरीक्षण किया। इस फ्लैग मार्च और निरीक्षण अभियान में सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और ट्रैफिक एसपी समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान सुखदेवनगर, पंडरा, कोतवाली, अरगोड़ा और मुंडला पहाड़ जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए। पुलिस ने नशेबाजी, स्नैचिंग और असामाजिक गतिविधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इसी क्रम में मुंडला पहाड़ क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। थाना प्रभारियों को गश्ती बढ़ाने और संदिधों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
अपर बाजार और बड़ा तालाब के आसपास के इलाकों में पूर्व में हुई चोरी व छिनतई की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाने को कहा गया है। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ट्रैफिक एसपी के साथ समीक्षा की गई। शहर में जिन डिवाइडर कटिंग के कारण जाम लग रहा था, उन्हें तत्काल 'स्लाइडिंग बैरियर' लगाकर बंद करने का निर्णय लिया गया है।
सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क होने वाले ऑटो और वाहनों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपनाने जा रही है। नो-पार्किंग जोन और सड़कों पर जाम लगाने वाले वाहनों पर कल से विशेष अभियान चलाकर चालान काटने व दंडात्मक कार्रवाई करने का आदेश जारी किया गया है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि गणेश पूजा उत्सव के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का यह सघन अभियान लगातार जारी रहेगा।
