रांची। शहर में विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए रांची नगर निगम का अभियान तेज हो गया है।सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में नगर निगम की ओर से कोचिंग संस्थानों के विरुद्ध सघन जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज नियमों का उल्लंघन करने वाले छह प्रमुख कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई करते हुए नोटिस चस्पा किया गया है।
इन संस्थानों में न्यूटन ट्यूटोरियल्स, समर्थ एकेडमी, फिटजी, स्काई टेक एविएशन, मेंटर्स एडुसर्व और भँवर राठौड़ डिजाइन स्टूडियो शामिल है।
नगर निगम ने संबंधित सभी छह संस्थानों को आवश्यक वैधानिक दस्तावेज और सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए 3 दिनों की मोहलत दी है।
अनदेखी पर होगी सीलिंग की कार्रवाई
निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित 3 दिनों के भीतर सुरक्षा मानकों और दस्तावेजों का अनुपालन नहीं किया गया, तो नियमानुसार संस्थानों को सील करने की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। निगम ने साफ शब्दों में कहा है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
