रांची। रक्षाबंधन का पावन पर्व श्रीकृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित श्री राधाकृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व के अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी के दर्शन कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। रक्षाबंधन के अवसर पर श्रीकृष्ण एवं राधारानी का अलौकिक एवं मनमोहक श्रृंगार आकर्षक आभूषणों से किया गया। मंदिर के पुजारी अरविंद पांडेय ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कर भगवान को केसरिया खीर, पेड़ा, लड्डू, पंजीरी, फल एवं नारियल का भोग अर्पित किया। इसके बाद मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर होकर भगवान का गुणगान करते नजर आए। भजन-कीर्तन के पश्चात सामूहिक आरती हुई। श्रद्धालुओं ने एक साथ आरती में भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी से परिवार एवं समाज में प्रेम, सौहार्द, सुख-शांति और मंगल की प्रार्थना की। आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के पवित्र प्रेम और विश्वास का पर्व ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में रिश्तों की मर्यादा, स्नेह, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव का भी प्रतीक है।पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा।