रांची। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर राज्यपाल ने शोकाकुल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

गुरुवार सुबह से ही मोराबादी स्थित स्व. रूपी सोरेन के आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। राज्य सरकार के मंत्री चमरा लिंडा, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सांसद विजय हांसदा, सांसद ढुल्लू महतो, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा,चम्पाई सोरेन और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो सहित कई विधायकों, पूर्व मंत्रियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान बड़ी संख्या में आम लोगों और झामुमो कार्यकर्ताओं ने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और सोरेन परिवार के प्रति अपनी शोक-संवेदनाएं जताईं।
