बोकारो। नियोजन की मांग को लेकर बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में विस्थापितों का आंदोलन शनिवार को आठवें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने सुबह से ही प्लांट के सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए, जिससे करीब 5,000 कर्मचारी बाहर फंस गए और संयंत्र का कामकाज प्रभावित हुआ।
विस्थापित नौजवान संघर्ष मोर्चा और विस्थापित अप्रेंटिस संघ 1,500 विस्थापित अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं की नियमित बहाली, चतुर्थ वर्गीय नौकरियों में पुरानी आरक्षण व्यवस्था बहाल करने और स्पष्ट नियोजन नीति बनाने की मांग कर रहे हैं।
विस्थापित अप्रेंटिस संघ टू-टंक गार्डन के पास आमरण अनशन पर बैठा है। नेताओं का आरोप है कि पिछले डेढ़ साल से सिर्फ आश्वासन मिल रहा है, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा और प्लांट का कामकाज पूरी तरह ठप करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
