रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को केवल एक समारोह तक सीमित न रखकर इसे 'सेवा संकल्प अभियान' के रूप में मनाएगी। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस एक माह के अभियान का उद्देश्य पीएम मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और पिछले 12 वर्षों के ऐतिहासिक कार्यों को झारखंड के हर घर तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांके स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन से हुई।

प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसदआदित्य साहू ने कहा कि पीएम मोदी पिछले 12 वर्षों से एक कार्यकर्ता की भांति 140 करोड़ देशवासियों की सेवा में समर्पित हैं। उनके कार्यकाल में कल्याणकारी योजनाओं से हर घर तक रोशनी पहुंची है और कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं सोया है। मोदी सरकार के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ा है और आतंकवादी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगी है।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पीएम मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल बेमिसाल रहा है। झारखंड में साहेबगंज गंगा पुल, एम्स, तीन नए मेडिकल कॉलेज और हाईवे निर्माण जैसे अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने एमएमडीआर बिल को झारखंड के हक में बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार राज्य के खनिजों और अधिकारों की पूरी रक्षा करेगी।

राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा ने कहा कि पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन की सिल्वर जुबली के इस अवसर पर युवाओं, महिलाओं और योजनाओं के लाभार्थियों को अभियानों से जोड़ा जाएगा।

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अभियान की तैयारी के लिए 5 से 7 सितंबर तक जिला स्तरीय और 8 से 10 सितंबर तक मंडल स्तरीय कार्यशालाएं होंगी। 17 सितंबर को हर घर में 'आशीर्वाद का दीया' जलाया जाएगा। 14 प्रमुख कार्यक्रमों के संचालन के लिए संयोजकों की टोली घोषित कर दी गई है।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह और धन्यवाद ज्ञापन बिरंची नारायण ने किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र राय, दीपक प्रकाश सहित प्रदेश भर के सांसद, विधायक और 30 सांगठनिक जिलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।