​रांची। राजधानी के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर काला रंग पोतने और अमर्यादित शब्द लिखने के मामले का रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है।

हरमू हाउसिंग कॉलोनी निवासी इंद्रजीत कुमार यादव के लिखित आवेदन के आधार पर 28 सितंबर को अरगोड़ा थाने में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध कांड संख्या 259/2026, धारा 196/324(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।


मामले में अरगोड़ा थाना पुलिस एवं तकनीकी शाखा की एक विशेष टीम गठित की गई। अनुसंधान के दौरान घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का पर्दाफाश किया और घटना में शामिल किशोर को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया। किशोर के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई सामग्री भी बरामद कर ली है।