रामगढ़। बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोशन लाल चौधरी ने पतरातू प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना और उच्च शिक्षा की बेहतर व्यवस्था को लेकर झारखंड विधानसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने सरकार से पतरातू में डिग्री अथवा तकनीकी महाविद्यालय की स्थापना की योजना और संभावित समय-सीमा की जानकारी मांगी।
विधायक ने कहा कि औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ पतरातू की आबादी और विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पर्याप्त उच्च शिक्षण संस्थान नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख करना पड़ता है।
सरकार की ओर से दिए गए जवाब में बताया गया कि पतरातू प्रखंड में वर्तमान में पीटीपीएस कॉलेज, पतरातू, जुबली कॉलेज भुरकुंडा और जेएम कॉलेज भुरकुंडा संचालित हैं। वहीं, पतरातू में राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना के लिए 5.37 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। डिग्री कॉलेज की स्थापना के संबंध में सरकार ने बताया कि मौजा हेसला में पीटीपीएस द्वारा अधिग्रहित 5.37 एकड़ भूमि को महाविद्यालय के लिए चिन्हित किया गया था, लेकिन जांच के बाद उक्त भूमि उपयुक्त नहीं पाई गई। इसके बाद पुनर्विन्यास पत्रांक-723, दिनांक 28 जुलाई 2026 के माध्यम से उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि पतरातू एक महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है। यहां डिग्री कॉलेज की स्थापना हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा विषय है। उन्होंने सरकार से जल्द उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराकर कॉलेज की स्थापना की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पतरातू के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अपने घर-परिवार से दूर जाने की मजबूरी नहीं होनी चाहिए। क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
