राँची। जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र अंतर्गत जरिया स्थित नायरा पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ईको कार आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से जा टकराई। इस हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे दोनों व्यक्तियों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया। हालाँकि, चिकित्सकों ने कार चालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल व्यक्ति का इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने की वजह से वाहन से नियंत्रण छूट गया और यह हादसा हुआ। बेड़ो थाना पुलिस मौके पर पहुँचकर मामले की जाँच में जुट गई है।
