रांची। नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा और बाढ़ के बीच झारखंड की राजधानी रांची का एक युवक लापता हो गया है, जिससे उनके परिवार की चिंताएं गहरा गई हैं। रांची के कोकर स्थित हैदर अली रोड (नंबर 12) के रहने वाले रामप्रसाद घोष नेपाल के अपर त्रिशूली क्षेत्र से लापता हैं।
रामप्रसाद नेपाल में 'एंड्रिट्ज हाइड्रो पावर कंपनी' में बतौर एडमिनिस्ट्रेटर कार्यरत हैं और पिछले 6-7 महीनों से इस कंपनी से जुड़े हुए हैं।
परिजनों के अनुसार मंगलवार को रामप्रसाद से आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद गुरुवार को जब नेपाल में बाढ़ और आपदा की खबर सामने आई, तो परिजनों ने उनसे फोन पर संपर्क करने की कई बार कोशिश की, लेकिन उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया।
रामप्रसाद का कोई सुराग न मिलने पर परिजन अब काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं, ताकि उनकी लोकेशन और सुरक्षा की जानकारी मिल सके। परिवार को उम्मीद है कि वे पूरी तरह सुरक्षित होंगे और जल्द ही उनका पता चल जाएगा।
रामप्रसाद महज दो महीने पहले ही छुट्टी बिताकर रांची स्थित अपने घर आए थे। उनके अचानक लापता होने की खबर से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।उनके भाई इस घटना के बाद से इतने स्तब्ध हैं कि ठीक से बात भी नहीं कर पा रहे हैं। स्थानीय लोग और परिजन ईश्वर से उनकी सलामती की प्रार्थना कर रहे हैं।
