रांची। केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों और श्रम कानूनों में बदलाव के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा एवं संयुक्त मजदूर संगठनों ने आगामी 10 अगस्त को राष्ट्रव्यापी 'रास्ता रोको-रेल रोको' अभियान का आह्वान किया है। इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के रांची स्थित राज्य कार्यालय में एक संयुक्त प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान नेताओं ने बताया कि 10 अगस्त को राष्ट्रव्यापी जेल भरो कार्यक्रम के तहत राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर शाम 4:00 बजे से 7:00 बजे तक सड़क जाम किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में किसान, मजदूर, महिलाएं, छात्र और युवा शामिल होंगे।
भाकपा के इस आंदोलन की प्रमुख मांगों में चारों नए लेबर कोड/श्रम कानूनों को अविलंब वापस लेने,असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए ₹26,000 न्यूनतम मजदूरी लागू करने,कार्य दिवस को 12 घंटे के बजाय 8 घंटे तय करने,भूमि बैंक व्यवस्था को रद्द करने,किसानों की फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी,किसानों, महिलाओं एवं छात्रों का कर्ज पूरी तरह माफ करने,पारदर्शी विस्थापन एवं पुनर्वास नीति का निर्माण,मनरेगा के तहत वर्ष में 250 दिन काम और 700रु दैनिक मजदूरी की गारंटी,
जेपीएससी परीक्षा को रद्द तथा जेएसएससी पेपर लीक मामले की वर्तमान जजों की कमेटी से न्यायिक जांच कराना शामिल है।
भाकपा के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक ने आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि उनकी पार्टी किसानों और मजदूरों के इस राष्ट्रव्यापी अभियान का तन-मन-धन से समर्थन करती है और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन को सफल बनाएंगे।
झारखंड राज्य किसान सभा के प्रदेश संयोजक भंते जैनेंद्र तथागत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार केवल पूंजीपतियों के हित में नीतियां बना रही है और सार्वजनिक संस्थाओं को बेचा जा रहा है। बेरोजगारी, महंगाई और पेपर लीक जैसी घटनाओं से छात्र-युवा परेशान होकर आत्महत्या के लिए मजबूर हो रहे हैं। वहीं, सीटू के अनिर्बन बोस एवं प्रतीक मिश्रा ने आम जनता से केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ इस 'रास्ता रोको-रेल रोको' आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाकपा के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक, रांची जिला सचिव अजय कुमार सिंह, एटक महासचिव अशोक यादव, किसान सभा के प्रदेश संयोजक भंते जैनेंद्र तथागत, जिला सचिव इशहाक अंसारी, खेत मजदूर यूनियन के प्रदेश सचिव इम्तियाज खान, सीटू के प्रतीक मिश्रा, अनिर्बन बोस व छुमु उरांव, आदिवासी जन अधिकार मंच के परफूल लिंडा, शुभेंदु सेन सहित कई प्रमुख नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
