रांची। राजधानी रांची में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को रांची नगर निगम की कार्रवाई को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।नगर निगम की टीम जैसे ही पथलकुदवा रोड (गुदड़ी चौक) पहुंची, स्थानीय पार्षद और बड़ी संख्या में नागरिक एकजुट हो गए और अभियान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।उग्र विरोध-प्रदर्शन के कारण दोपहर तक निगम की ओर से तोड़फोड़ या अतिक्रमण हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी।
मौके पर मौजूद स्थानीय पार्षद और दुकानदारों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से यहां दुकानें लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। दुकानदारों का तर्क था कि बिना किसी वैकल्पिक स्थान या दुकान का इंतजाम किए उन्हें हटाना सरासर गलत है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट मांग रखी कि जिनकी दुकानें हटाई या तोड़ी जा रही हैं, उन्हें पहले पुनर्वासित किया जाए। स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को शांत कराने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल के जवान और निगम अधिकारी स्थानीय लोगों को समझाते नजर आए।
दूसरी ओर, रांची नगर निगम का पक्ष है कि पथलकुदवा रोड स्थित करीब 19.3 डिसमिल सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बूचड़खाने का संचालन किया जा रहा है।निगम अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना है, ताकि वहां आम जनता की सुविधा के लिए एक आधुनिक सामुदायिक भवन और 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' का निर्माण कराया जा सके।
