गिरिडीह। गिरिडीह जिले में मंगलवार की देर रात दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं से सनसनी फैल गई। पहली घटना बिरनी प्रखंड की है जहां पारिवारिक विवाद में एक युवक ने आत्महत्या कर ली, वहीं दूसरी घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र की है जहां सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई।

जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत भरकट्टा ओपी क्षेत्र के केंदुआडीह (ठाकर टोला) में मंगलवार की देर रात 32 वर्षीय नरेश विश्वकर्मा (पिता: मनेश्वर विश्वकर्मा) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के अनुसार दुर्गा पूजा के दौरान जुआ खेलने के लिए पैसे मांगने को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था।

मृतक की पत्नी अन्न देवी ने बताया कि उसका पति शराब के नशे में घर आया था और तत्काल जुआ खेलने के लिए पैसे मांग रहा था। सुबह पैसे देने की बात कहने पर वह जिद पर अड़ गया। विवाद के दौरान पति ने उसे कमरे में बंद कर दिया और बाहर से कुंडी लगा दी, जिसके बाद घर के दूसरे हिस्से में जाकर उसने फंदा लगा लिया।

एक अन्य दर्दनाक हादसे में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बदडीहा के पास अज्ञात मालवाहक वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय सूरज तुरी और तुलसी दास के रूप में हुई है।

दोनों युवक बाइक से दोस्त का जन्मदिन मनाकर अपने घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक करीब 50 मीटर दूर जा गिरी और दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।