रांची। ग्रामीण विकास विभाग अपने लोकप्रिय ‘पलाश’ ब्रांड की और भी मजबूत बनाने के लिए प्रयासरत है। इसके अलावा ब्रांड के लिए बड़े बाजार की तलाश भी वह तेज करेगा। मंगलवार को झारखंड मंत्रालय स्थित प्रोजेक्ट भवन में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी एवं ‘पलाश’ के कार्यों की समीक्षा के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय ने कई अहम निर्देश अधिकारियों को दिये।
उन्होंने ‘पलाश’ को एक सशक्त एवं विश्वसनीय ब्रांड के रूप में स्थापित करने, महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के संबंध में भी जरूरी दिशा निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, मार्केटिंग एवं बाजार तक पहुंच को और मजबूत करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि झारखंड की महिलाओं के हुनर और मेहनत को बाजार से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाया जाना चाहिए। महिला स्वयं सहायता समूहों को केवल आजीविका का माध्यम नहीं, बल्कि स्थायी उद्यम और आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत इकाई के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, जेएसएलपीएस के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अनन्य मित्तल सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
