रांची। जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा विवाद को लेकर पिछले 14 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों और राज्य सरकार के मंत्रियों के बीच शुक्रवार को मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में करीब डेढ़ घंटे तक चली वार्ता समाप्त हो गई। वार्ता में सहमति न बनने के कारण छात्र प्रतिनिधियों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है, जबकि सरकार ने इसे एक सकारात्मक बातचीत करार दिया है।
बैठक के बाद छात्र प्रतिनिधियों ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार के साथ फिलहाल कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी है। इसलिए उनका आंदोलन अभी जारी रहेगा। हालांकि, छात्र नेता रवींद्र पासवान ने बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि यह हमारी पहली बैठक थी, जो काफी सकारात्मक रही। सभी के साथ बैठकर परिवार जैसा माहौल महसूस हुआ। हमें पूरा भरोसा है कि सरकार, मुख्यमंत्री और सभी मंत्री हमारी न्यायसंगत मांगों को मानेंगे।
दूसरी ओर, सरकार का पक्ष रखते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि वार्ता बहुत ही सौहार्दपूर्ण और अच्छे माहौल में हुई है। छात्रों की एक-एक मांग को गंभीरता से सुना और समझा गया है। राज्य सरकार युवाओं और छात्रों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनकी मांगों पर विचार कर जल्द ही आगे की दिशा तय की जाएगी।
बैठक में सरकार की ओर से मंत्री चमरा लिंडा, सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडे सिंह और संजय सिंह मौजूद थे।छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से रवींद्र पासवान, पीयूष कुमार, राजेश प्रसाद, नीतू कुजूर, अंकित राज, कार्तिक सोरेन, शालू कुमारी, रवींद्र कुमार, रवि आनंद कुमार और अंकित कुमार शामिल थे।
