चक्रधरपुर। मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों को रेल प्रशासन की ओर से एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। टाटानगर-एर्नाकुलम-टाटानगर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18189/18190) के मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव का औपचारिक शुभारंभ शनिवार, 5 सितंबर को किया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी सुबह करीब 06:45 बजे अप 18189 टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।
इस संबंध में चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) तरुण ढरिया ने सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर के विधायक जगत मांझी को औपचारिक आमंत्रण पत्र भेजकर कार्यक्रम में उपस्थित होने का अनुरोध किया है। समारोह के दौरान डीआरएम तरुण ढरिया और सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
मनोहरपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्री काफी समय से टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव की मांग कर रहे थे। इस ट्रेन के रुकने से स्थानीय लोगों, मरीजों और व्यापारियों को टाटानगर के साथ-साथ दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों की यात्रा करने में काफी सहूलियत और सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
