​रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने देवकमल अस्पताल पहुंचकर बड़काकाना (रामगढ़) स्थित मां छिन्नमस्तिके सीमेंट एंड स्पंज आयरन कंपनी में हुए हादसे में घायल मजदूर का हालचाल जाना। उन्होंने श्रीराम पावर प्लांट हादसे के पीड़ितों से भी मुलाकात की। सुदेश महतो ने हादसे में तीन इंजीनियर की मौत पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि मजदूरों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

​ उन्होंने कहा कि हादसे की स्वतंत्र जांच कराकर टरबाइन, कूलिंग सिस्टम और मेंटेनेंस रिपोर्ट की विस्तृत समीक्षा की जाए तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक हो। यदि लापरवाही और अत्यधिक गर्मी के कारण विस्फोट साबित होता है, तो प्रबंधन और मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज हो।

​मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा, वैधानिक लाभ और आश्रितों को नौकरी दी जाए। घायल मजदूर के इलाज का पूरा खर्च कंपनी उठाए।श्रम विभाग कारखाने में सुरक्षा मानकों, नियुक्ति और कार्यस्थल के माहौल की पड़ताल करे।

​आजसू प्रमुख ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों को न्याय और मुआवजा नहीं मिला, तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।