कोडरमा। जिले के चंदवारा प्रखंड अंतर्गत बेंदी पंचायत स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय वीरगढ़ा में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। तेज बारिश के दौरान विद्यालय के अर्धनिर्मित दो मंजिला भवन का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर गया।
जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय नामांकित सभी 37 बच्चे परिसर में मिड-डे मील खा रहे थे। जोरदार आवाज के साथ मलबा नीचे गिरते ही अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, समय रहते बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई और सभी बच्चे बाल-बाल बच गए।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह दो मंजिला भवन वर्ष 2010 से अधूरा पड़ा हुआ था। लगातार बारिश के कारण जर्जर हो चुका ऊपरी हिस्सा सोमवार को ढह गया। घटना के समय विद्यालय में इकलौते कार्यरत शिक्षक पिंटू कुमार मौजूद थे। उन्होंने बताया कि मलबा गिरते ही तुरंत तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित किया गया। किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई है।
इस घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि बच्चे मलबे की जद में आ जाते तो बेहद गंभीर परिणाम हो सकते थे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे विद्यालय भवन की तत्काल तकनीकी जांच कराने और जर्जर हिस्सों को तुरंत ध्वस्त कर सुरक्षित बनाने की मांग की है।
