कोडरमा। कोडरमा जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब खड़ी कोडरमा-हजारीबाग-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन (ट्रेन संख्या 53373) की अंतिम बोगी में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते रेलकर्मियों और यात्रियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन शाम 3:15 बजे कोडरमा स्टेशन से रवाना होने वाली थी। प्रस्थान से कुछ ही देर पहले यात्रियों की नजर अंतिम बोगी से निकलते तेज धुएं पर पड़ी। स्थिति को भांपते ही यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना वहां मौजूद रेलकर्मियों को दी।
सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया। रेलकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग से प्रभावित अंतिम बोगी को ट्रेन के बाकी हिस्सों से काटकर तुरंत अलग कर दिया, जिससे आग अन्य बोगियों में नहीं फैल सकी। इसके बाद आरपीएफ जवानों और रेलवे कर्मियों के सहयोग से आग बुझाने का काम शुरू किया गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बनी रही।
