कोडरमा। शिक्षकों की भारी कमी और बदहाल व्यवस्था से नाराज कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पोखरडीहा की छात्राओं का आक्रोश शुक्रवार को सड़कों पर उतर आया। पर्याप्त शिक्षक बहाल करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्राएं प्रखंड मुख्यालय पहुंचीं और प्रभारी बीडीओ सह सीओ मनोज कुमार रवि के समक्ष प्रदर्शन करते हुए ब्लॉक परिसर का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान ही अचानक कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़ीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बीमार छात्राओं को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।

छात्राओं ने विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से शिक्षकों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई पूरी तरह ठप है और परीक्षाएं नजदीक होने के बावजूद सिलेबस अधूरा है। विरोध करने या सवाल पूछने पर छात्राओं को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। आरोप है कि शिक्षक पढ़ाई कराने के बजाय ताने मारते हैं और कहते हैं कि ज्यादा पढ़-लिखकर इंजीनियर नहीं बनना है। इतना ही नहीं, शिकायत करने पर विद्यालय से ट्रांसफर सर्टिफिकेट काटकर घर भेजने की धमकी भी दी जाती है।

छात्राओं ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी उन्होंने प्रभारी बीडीओ, थाना प्रभारी, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि और अभिभावकों की मौजूदगी में विद्यालय की वार्डन प्रतीक्षा मिंज के खिलाफ शिकायत की थी। उस समय अधिकारियों ने दो दिनों के भीतर बैठक कर समस्या का समाधान निकालने का भरोसा दिलाया था। हालांकि, एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी जब कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तब आक्रोषित छात्राओं को मजबूरन ब्लॉक मुख्यालय का घेराव करना पड़ा। फिलहाल अस्पताल में छात्राओं का इलाज जारी है और घटना के बाद से छात्राओं व अभिभावकों में गहरा असंतोष है।