दो धारदार हथियार और देशी कट्टा बरामद

जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र में मो. निजाम की हत्या की कथित साजिश का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर आजाद खटाल मैदान की झाड़ियों से दो भारी धारदार लोहे के हथियार और एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को मो. निजाम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जेल में बंद मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच रहा है। जांच में मो. आयान बच्चा और अलटु बच्चा के नाम सामने आए। आरोप है कि दोनों ने निजाम की रेकी कर धारदार हथियार से हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वह मौके से भागकर बच गया।

इस मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 75/2026 दर्ज किया गया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर हथियार बरामद किए गए। देशी कट्टा मिलने के बाद आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या 77/2026 दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।