रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने 'झारखंड इंटरमीडिएट स्तर (कंप्यूटर ज्ञान एवं हिंदी टंकण अर्हता धारक पद) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023' को रद्द कर दिया है। आयोग का यह फैसला नियमित और बैकलॉग दोनों तरह के पदों पर लागू होगा। इस परीक्षा के जरिए राज्य के विभिन्न विभागों में लिपिक के कुल 836 पदों पर नियुक्तियां की जानी थीं।
दरअसल, कार्मिक विभाग ने नियमावली में संशोधन के उद्देश्य से संबंधित विभागों की सहमति के बाद 29 जुलाई को आयोग से अपनी अधियाचना वापस ले ली थी। कार्मिक विभाग के इस कदम के बाद आयोग को औपचारिक रूप से परीक्षा रद्द करने का फैसला लेना पड़ा।
अधियाचना वापस लिए जाने से फिलहाल नियुक्ति प्रक्रिया थम गई है, लेकिन अभ्यर्थियों के लिए एक अच्छी खबर भी है। नियमावली में सुधार के बाद कार्मिक विभाग जल्द ही नए सिरे से अधियाचना जेएसएससी को भेजेगा। संभावना जताई जा रही है कि नई अधियाचना में लिपिक के पदों की संख्या में इजाफा हो सकता है, जिससे युवाओं को अधिक अवसर मिलेंगे।
