रांची। झारखंड में छात्र आंदोलन अब और तेज होता नजर आ रहा है। आंदोलन के 21वें दिन, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लेकर अल्बर्ट एक्का चौक तक छात्रों ने विशाल मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। अल्बर्ट एक्का चौक पहुँचकर आक्रोशित छात्रों ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, डॉ. इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पांडेय सिंह और जेएसएससी के सचिव सुधीर गुप्ता का पुतला दहन किया।
अस्पताल में भर्ती भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने एक वीडियो संदेश जारी कर छात्रों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा किआंदोलन की दिशा को भटकाने की साजिशें रची जा रही हैं। हमारे इस आंदोलन के दबाव में ही आज एक जांच समिति का गठन किया गया है। सरकार हमारी बातों को सकारात्मक रूप से सुन तो रही है, लेकिन पूरा न्याय मिलना अभी बाकी है। हालात चाहे जैसे भी हों, हमें आंदोलन को बचाए रखना है और एकजुट रहना है।
शुक्रवार शाम रांची के सदर एसडीएम कुमार रजत और एडीएम (विधि-व्यवस्था) धनंजय कुमार जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों से बातचीत की और धरना व अनशन खत्म करने की अपील की। मीडिया से बात करते हुए एडीएम धनंजय कुमार ने कहा किहम लोग नियमित रूप से छात्रों का हाल-चाल लेने आते रहते हैं। हमने छात्रों से बातचीत कर उनकी स्थिति जानी और पूछा कि उन्हें यहाँ किसी प्रकार की कोई समस्या या परेशानी तो नहीं है।
जेपीएससी- जेएसएससी रिफॉर्म मंच के अनुसार कल 15 अगस्त का ऐतिहासिक अवसर है। ऐसे में स्टेडियम में छात्र झंडा फहराएंगे। इसके बाद स्टेडियम से कचहरी चौक, न्यूक्लियस मॉल, लालपुर चौक और अल्बर्ट एक्का चौक होते सभी वापस स्टेडियम पहुंचेंगे। इस दौरान सभी के हाथों में तिरंगा भी होगा। 500 मीटर से भी अधिक लंबे तिरंगे के साथ हजारों छात्र तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे।
