रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच मामले में सोमवार को सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई की। झारखंड सीआईडी ने बड़ा अभियान चलाते हुए रांची, बोकारो, पलामू और हजारीबाग में एक साथ एक दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें कई कोचिंग संस्थान भी शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, सीआईडी की टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच में लगी है। रांची में कई कोचिंग संस्थानों के संचालकों के ठिकानों पर सीआईडी और रांची पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा छापेमारी की गयी है। जानकारी के मुताबिक राजधानी रांची के धुर्वा, नामकुम समेत 15 से अधिक स्थानों पर एक साथ कार्रवाई हुई है। सीआईडी की अलग-अलग टीमें संदिग्ध स्थानों पर पहुंचकर दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच में लगी हैं।

पलामू में संतोष कुमार और रवि शंकर के आवास की तलाशी

जेपीएससी से जुड़े कथित घोटाले की जांच मामले में सीआईडी और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में नामजद दो आरोपितों के अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जिन आरोपितों के ठिकानों पर कार्रवाई की गई, उनमें संतोष कुमार सिंह और रविशंकर कुमार शामिल हैं। सीआईडी की टीम ने संतोष कुमार सिंह के मेदिनीनगर स्थित हमीदगंज में बीएन कॉलेज के समीप आवास की तलाशी ली। इसके अलावा नौडीहा बाजार स्थित उसके पैतृक घर पर भी जांच की गई। इसी तरह दूसरे आरोपित रविशंकर कुमार के मेदिनीनगर के बारालोटा स्थित आवास पर भी टीम ने छापेमारी की। दोनों स्थानों पर जांच टीम ने काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया और मामले से संबंधित सामग्री की तलाश की। छापेमारी के दौरान जांच टीम को लैपटॉप सहित कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और दस्तावेज मिले हैं। अब सीआईडी इन उपकरणों और दस्तावेजों की तकनीकी एवं विस्तृत जांच करेगी। इस संबंध में पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि छापेमारी के दौरान लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद हुए हैं। जब्त सामग्री की जांच के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।