रांची/नई दिल्ली।दिल्ली स्थित पुराने झारखंड भवन में लिफ्ट की तकनीकी खराबी के कारण एक बड़ा हादसा सामने आया है। बीते 29 सितंबर को पलामू के पूर्व सांसद घूरन राम के परिवार के सदस्य करीब एक घंटे तक लिफ्ट में फंसे रहे। लिफ्ट के बीच में ही रुक जाने और लंबे समय तक बंद रहने की वजह से अंदर मौजूद सभी 6 सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। घटना के बाद सभी को तुरंत वसंत विहार स्थित होली एंजिल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पूर्व सांसद घूरन राम ने इस घटना के बाद भवन की सुरक्षा, आपातकालीन व्यवस्था, तकनीकी रखरखाव और सीसीटीवी फुटेज की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आपातकालीन स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाने की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं थी।
दूसरी ओर, झारखंड भवन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि जिस लिफ्ट में यह हादसा हुआ, उसकी क्षमता केवल 4 लोगों की थी, जबकि उसमें 6 लोग सवार थे। फिलहाल ओवरलोडिंग और तकनीकी खराबी दोनों पहलुओं की जांच की बात कही जा रही है। लिफ्ट की तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
