रांची। भाजपा ने जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली और आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में राज्यव्यापी 'हल्ला बोल' अभियान के तहत तीसरे दिन भी प्रदर्शन किया। गुमला, लातेहार, धनबाद और साहेबगंज में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालयों का घेराव कर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।
साहेबगंज में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में नौकरियां बेची जा रही हैं, और सरकार दोषियों को बचाने के लिए सीबीआई जांच से भाग रही है। वहीं, लातेहार में पूर्व सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धनबाद में सांसद ढुल्लू महतो और गुमला में पूर्व सांसद समीर उरांव समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने परीक्षा धांधली की सीबीआई जांच कराने और छात्रों पर दर्ज फर्जी मुकदमों को तुरंत वापस लेने की मांग उठाई।
