​जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए 42 लाख रुपये से अधिक नकद और लॉकर में रखे भारी मात्रा में सोने के आभूषण लूट लिए।

घटना सुबह करीब 9:15 बजे की है, जब बैंक खुला ही था और सफाई का काम चल रहा था। तभी 5 से 6 की संख्या में हथियारबंद अपराधी बारिश का फायदा उठाकर रेनकोट पहनकर बैंक परिसर में दाखिल हुए। रेनकोट की आड़ में अपराधियों ने अपने चेहरे छिपा रखे थे। बैंक में घुसते ही उन्होंने पूरे स्टाफ को हथियार के बल पर बंधक बना लिया।

बैंक के सुरक्षा गार्ड संतोष कुमार ने जब अपराधियों का विरोध करने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने बंदूक की बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद अपराधी सीधे शाखा प्रबंधकअजीत कुमार के चैंबर में घुसे और उन्हें गन पॉइंट पर लेकर बैंक का चेस्ट और लॉकर खुलवा लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आसानी से फरार हो गए।

दिनदहाड़े हुई इस बड़ी डकैती की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी, डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस बैंक परिसर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की धरपकड़ के लिए पूरे शहर और सीमावर्ती इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।