हाटगम्हरिया(प सिंहभूम)। जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के कुदापी डाउन के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। छत्तीसगढ़ से टाटानगर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार कार में सवार होकर छत्तीसगढ़ से टाटानगर जा रहा था। हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के कुदापी डाउन के समीप पहुंचते ही कार अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे की तीव्रता के कारण तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना हाटगम्हरिया थाना पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों की सहायता से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। दोनों गंभीर रूप से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों और घायलों की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।