रांची। राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय 'श्रीकृष्ण जन्मोत्सव' का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दही हांडी फोड़कर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में भाग ले रही महिला एवं पुरुष दोनों गोविंदा टोलियों का उत्साहवर्धन किया और इस भव्य आयोजन के लिए श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति की जमकर सराहना की। रांची जिला श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में 3 और 4 सितंबर को आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव की शुरुआत 3 सितंबर को हुई। पहले दिन गीतांजलि बैंक्वेट हॉल में संध्या 4 बजे से बच्चों के लिए 'बाल गोपाल' एवं 'बाल राधा' पोशाक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उत्सव के दूसरे दिन (4 सितंबर) संध्या 6 बजे 11 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा श्रीकृष्ण की आरती और मंत्रोच्चार के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके बाद भजन संध्या, भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका और महिला-पुरुष गोविंदा टीमों के लिए बहुप्रतीक्षित दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
दही हांडी प्रतियोगिता में विजेता टीमों को आकर्षक नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।प्रथम पुरस्कार: ₹61,000 एवं ट्रॉफी,द्वितीय पुरस्कार: ₹41,000 एवं ट्रॉफी और तृतीय पुरस्कार: ₹21,000 एवं ट्रॉफी भेंट की गई।
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय,प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत बड़ी संख्या में दर्शक मोराबादी मैदान में उपस्थित रहे।
