रांची: मौसम विभाग ने झारखंड में अगले पांच दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 8 अगस्त तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी संभावना है।


मौसम विभाग के अनुसार, 4 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़ और बोकारो में भारी बारिश की संभावना जताई गई। रांची में दोपहर बाद वज्रपात के साथ तेज बारिश भी हुई। 5 अगस्त को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं 6 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी, 7 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, लोहरदगा, गुमला, रांची और खूंटी तथा 8 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।

वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी

मौसम विभाग ने 8 अगस्त तक पूरे राज्य में कहीं-कहीं वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी चेतावनी जारी की है| साथ ही लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास नहीं जाने की अपील की गई है|


गोड्डा में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई है| गोड्डा में सबसे ज्यादा 175.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नंदाडीह में 54.6 मिमी, मझगांव में 43.4 मिमी, नवाडीह में 41 मिमी और मुसाबनी में 38.4 मिमी बारिश हुई।

राज्य का सबसे अधिक अधिक तापमान बहरागोड़ा में 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 21.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।