सिमडेगा/लोहरदगा/चतरा। झारखंड में शुक्रवार का दिन सड़क हादसों के लिहाज से बेहद दर्दनाक रहा। राज्य के अलग-अलग जिलों में हुए भीषण हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे बड़े हादसे सिमडेगा, लोहरदगा और चतरा जिलों में दर्ज किए गए।

सिमडेगा के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के टुकूपानी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो महिलाओं और एक बच्ची की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार टापूडेगा निवासी गीता देवी अपनी स्कूटी पर एक बच्ची और एक अन्य महिला को बैठाकर कोनमेजरा की ओर जा रही थीं। इसी दौरान सिमडेगा से राउरकेला की ओर जा रही एक बेकाबू कार ने टुकूपानी के पास गलत दिशा में जाकर स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी को रौंदने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद गीता देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इलाज के दौरान मासूम बच्ची संजीता कुमारी ने भी दम तोड़ दिया। तीसरी गंभीर रूप से घायल महिला मंगरी देवी की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई। उधर,लोहरदगा जिले के बरवाटोली में एक ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार पति-पत्नी की मौके पर मौत हो गई।

चतरा जिला के चतरा-डोभी मुख्य मार्ग (NH-22) पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई। सेरेगड़ा-संघरी घाटी इलाके में एक तेज रफ्तार यात्री बस और अनियंत्रित कार के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

घाटी में हुई सीधी भिड़ंत : प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के गयाजी से चतरा की ओर आ रही 'सिंहवाहिनी' नामक यात्री बस जैसे ही सेरेगड़ा-संघरी घाटी में पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित टाटा नेक्सॉन कार से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को इलाज के लिए चतरा के सदर अस्पताल भेजा। इनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हैं।इनके अलावा आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी निजी क्लीनिकों में भर्ती कराया गया है।