​रांची। भारतीय जनता पार्टी के 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत राजधानी रांची में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में यह यात्रा मोरहाबादी मैदान से शुरू होकर शहीद अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची। इस दौरान देशभक्ति के उत्साह से सराबोर हजारों कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर देश की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'हर घर तिरंगा' अभियान अब राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का एक महा-जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का प्रतीक है और यह सामाजिक समरसता तथा सद्भावना का संदेश हर गांव, शहर और नागरिक तक पहुंचा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर इस गौरवपूर्ण अभियान का हिस्सा बनें।

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि समस्त भारतवासियों का अभिमान और गौरव है। यह यात्रा देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करती है और हर भारतीय के दिल में राष्ट्र के प्रति सम्मान को नया आयाम देती है।

इस राष्ट्रभक्ति यात्रा में केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, मनोज सिंह, विधायक नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, नीरा यादव, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, पूर्व विधायक जीतू चरण राम, अनंत कुमार ओझा, रांची की मेयर रोशनी खलखो, संजीव विजयवर्गीय, आरती कुजूर, सुबोध सिंह गुड्डू, केके गुप्ता, शोभा यादव, वरुण साहू, सीमा सिंह और जितेंद्र वर्मा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।