रांची। अर्जुना अवार्डी और पद्मश्री से सम्मानित पूर्व भारतीय फुटबॉल कप्तान बाइचुंग भूटिया ने सभी से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और बीमारियों से बचाव पर विशेष ध्यान देने की अपील की है।

शनिवार को रांची में 'एनीटाइम फिटनेस' जिम के उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि रांची में इस तरह के आधुनिक जिम का खुलना बेहद स्वागत योग्य कदम है, जिससे युवाओं को बेहतरीन फिटनेस सुविधाएं और सही मार्गदर्शन मिल सकेगा।

बाइचुंग भूटिया ने कहा कि हर वर्ग के युवाओं को अपने जीवन में फिटनेस और अनुशासन को प्राथमिकता देनी चाहिए। आज की इस भागदौड़ भरी जीवनशैली में स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।

उन्होंने शारीरिक और मानसिक फिटनेस के संतुलन के लिए जिम के नियमित उपयोग को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए साझा किया कि फुटबॉल करियर के बाद उन्होंने अपनी फिटनेस बरकरार रखने के लिए जिम जाना शुरू किया था।

आदिवासी बहुल राज्य झारखंड की असीम संभावनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को शुरुआती दौर से ही खेलकूद का सही माहौल और सुविधाएं मिलें, तो भविष्य में इसके बहुत बेहतरीन परिणाम सामने आएंगे।

खेल संघों के संदर्भ में उनका मानना था कि खेल के प्रति सच्ची लगन रखने वाले लोगों को आगे लाने से खेल जगत को व्यापक लाभ मिल सकता है।

उद्घाटन समारोह के इस अवसर पर एनीटाइम फिटनेस जिम के आदिल इस्लाम सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।