​रांची। राजधानी के अरगोड़ा स्थित माही रेस्टोरेंट के संचालक से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। रेस्टोरेंट संचालक दिनेश कुमार मिश्रा की शिकायत पर अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें पंडरा निवासी रवि प्रकाश जायसवाल, अनूप गर्ग और एक अन्य को आरोपी बनाया गया है।

दिनेश मिश्रा के अनुसार, 19 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे रवि प्रकाश जायसवाल अपने एक साथी के साथ रेस्टोरेंट पहुंचे और कहा कि उन्हें अनूप गर्ग ने भेजा है। आरोपियों ने दिनेश मिश्रा के बड़े भाई संजय मिश्रा द्वारा रांची जिला न्यायालय और दिल्ली हाईकोर्ट में अनूप गर्ग के खिलाफ दायर क्वैशिंग याचिका वापस लेने का दबाव बनाया। इसके साथ ही एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। 7 दिनों के भीतर रकम न देने पर परिवार समेत जान से मारने और रेस्टोरेंट में आग लगाने की धमकी दी गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड है।

दूसरी ओर, आरोपी रवि प्रकाश जायसवाल ने भी दिनेश मिश्रा और अरविंद मिश्रा के खिलाफ अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। रवि प्रकाश का आरोप है कि उन्हें समझौते के बहाने केएफसी के पास स्थित दुकान पर बुलाया गया और केस वापस लेने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर मारपीट की गई और उनकी सोने की चेन व जेब से 13,000 रुपये छीन लिए गए।

अरगोड़ा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस रेस्टोरेंट के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपों की सत्यता की जांच में जुटी है।