रांची। जगन्नाथपुर, बड़कागढ़ (धुर्वा) स्थित श्री श्री महादुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पारंपरिक परिधानों में सजी 300 से अधिक महिलाओं और युवतियों ने इसमें हिस्सा लिया।
भक्तिमय माहौल के बीच कलश यात्रा पूजा पंडाल से शुरू होकर शहीद मैदान तालाब पहुँची, जहाँ विधि-विधान से जल भरकर कलश स्थापित किए गए। इस वर्ष समिति अपनी हीरक जयंती (60वाँ वर्ष) मना रही है। आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष महेश प्रसाद गुप्ता, सचिव परमेश्वर सिंह, कोषाध्यक्ष रमेश महंती सहित समिति के तमाम सदस्य व स्थानीय लोग सक्रिय रूप से जुटे रहे।
युवा सुरक्षा वाहिनी के 200 स्वयंसेवक भी संभालेंगे दुर्गा पूजा में व्यवस्था की कमान

रांची। युवा सुरक्षा वाहिनी की बैठक रविवार को रांची में हुई जिसकी अध्यक्षता ओम वर्मा ने की। बैठक में मुख्य रूप से वर्ष 2026 के दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर विचार विमर्श किया गया। पूजा के दौरान रांची जिला प्रशासन के साथ मिल कर पूजा पंडाल के आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि युवा सुरक्षा वाहिनी के 200 स्वयंसेवक दुर्गा पूजा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन के साथ मिल कर व्यवस्था संभालेंगे। पंडालों में आनेवाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए सहायता शिविर अल्बर्ट एक्का चौक पर लगाया जाएगा। इस दौरान मेडिकल कैंप तथा खोया-पाया कार्ड भी वितरण किया जाएगा। बैठक का संचालन विक्की वर्मा ने किया जबकि सागर वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। बैठक में मुख्य रूप से सुमित लोहरा, संजय वर्मा, अमित, अजीत, सक्षम झा, राजेश सिंह, रोशन नायक इत्यादि भी उपस्थित थे।
