पोटका। डीएसडी की सुस्त अनाज आपूर्ति ने पोटका प्रखंड के करीब 130 पीडीएस दुकानदारों की परेशानी बढ़ा दी है। डीलरों का कहना है कि नियमानुसार प्रत्येक माह की 15 तारीख तक चावल और गेहूं पीडीएस दुकानों तक पहुंच जाना चाहिए, लेकिन एफसीआई गोदाम से पर्याप्त मालवाहक वाहन नहीं मिलने के कारण उठाव की गति धीमी है। प्रतिदिन करीब आठ वाहनों की जरूरत के बावजूद तीन-चार वाहन ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ऐसे में डीलरों को अनाज उठाव के लिए पांच-छह बार तक पोटका का चक्कर लगाना पड़ रहा है। डीलर संघ के अध्यक्ष अनवर अली ने आरोप लगाया कि डीएसडी द्वारा रोस्टर के अनुसार अनाज की आपूर्ति नहीं की जा रही है। कुछ दुकानदारों को प्राथमिकता देकर समय से पहले अनाज पहुंचाया जाता है, जबकि अन्य दुकानों को इंतजार करना पड़ता है।

अली ने कहा कि गोदाम में लगे कर्मियों को भी डीलर को दिहाड़ी देना पड़ता है साथ ही किस्तों में अनाज दिया जा रहा है जिसके कारण लाभुकों को समय पर अनाज मुहैया कराना काफी चुनौतीपूर्ण बनता जा रहा है यदि प्रत्येक माह 15 तारीख तक सभी दुकानों में अनाज नहीं पहुंचा तो पीडीएस दुकानदार संघ आंदोलन करेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी डीएसडी ठेकेदार की होगी।