बोकारो। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो की बालिका बास्केटबॉल टीम ने गया (बिहार) में आयोजित तीन दिवसीय ज़ोन-4 इंटर डीपीएस बास्केटबॉल टूर्नामेंट (ओपन) में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस स्वर्णिम सफलता के साथ ही टीम ने 13-14 दिसंबर को डीपीएस मेगासिटी, कोलकाता में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया है।

2 से 4 अक्टूबर तक डीपीएस गया में आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मणिपुर, पश्चिम बंगाल और असम की टीमों ने भाग लिया था। खिताबी मुकाबले में डीपीएस बोकारो की छात्राओं ने बेहतरीन रणनीति और तालमेल का परिचय देते हुए मेजबान डीपीएस गया को 39-24 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। प्रतियोगिता में डीपीएस गया उपविजेता और डीपीएस रांची तीसरे स्थान पर रही।

सशस्त्र सीमा बल (29वीं वाहिनी) के कमांडेंट कुणाल ने विजेता टीम को स्वर्ण पदक और ट्रॉफी प्रदान की। चैंपियन टीम में त्रिनयोना, किया कोरल सिंह, अन्वेषा शर्मा, तान्या सिंह, सौम्या प्रकाश, सौम्या जैन, आनिका आनंद, परिना पांडा, सानवी शेखर और शगुन शामिल रहीं। विद्यालय लौटने पर प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने पूरी टीम और कोच को बधाई दी और राष्ट्रीय स्तर पर भी इसी तरह के उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई।