​धनबाद। वासेपुर और आसपास के इलाकों में लंबे समय से चले आ रहे आपराधिक वर्चस्व की जंग सोमवार को एक बार फिर सड़कों पर आ गई। भूली मोड़ के पास दिनदहाड़े हुई अंधाधुंध फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया। अपराधियों ने वासेपुर के चर्चित फहीम खान के भाई शानू खान को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।

​इस जानलेवा हमले में शानू खान के अलावा सद्दाम नाम का एक युवक और वहां से गुजर रही एक अज्ञात महिला भी गोली लगने से घायल हो गई।

​फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के बाजार और सड़कों पर भगदड़ मच गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए तीनों घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों की स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

​इस दुस्साहसिक वारदात को वासेपुर के पुराने गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का बाजार गर्म है कि यह हमला 14 सितंबर को हुई एक बड़ी कार्रवाई का बदला हो सकता है। बीते 14 सितंबर को पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार किया था और उसके बाद वासेपुर की गलियों में उसका पुलिस परेड कराया गया था। कयास लगाए जा रहे हैं कि इसी घटना के प्रतिशोध में इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

​हालांकि, धनबाद पुलिस ने इस तरह की चर्चाओं पर फिलहाल आधिकारिक मुहर नहीं लगाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला आपराधिक वर्चस्व से जुड़ा हो सकता है, लेकिन 14 सितंबर की घटना और इस फायरिंग के बीच किसी सीधे संबंध की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।