रांची। झारखंड में जारी छात्र आंदोलन और गरमाई राजनीतिक स्थिति के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह शामिल थे।

मुलाकात के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्यपाल का ध्यान राज्य की वर्तमान स्थिति और विशेषकर पिछले 24 दिनों से रांची में चल रहे छात्र आंदोलन की ओर आकर्षित किया। नेताओं ने बताया कि न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे कई छात्रों की स्थिति आमरण अनशन के कारण गंभीर बनी हुई है और वे अस्पताल में भर्ती हैं। इसके बावजूद राज्य सरकार उनकी मांगों पर कोई संवेदनशील रुख नहीं अपना रही है और वार्ता के नाम पर केवल गुमराह कर रही है।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से इस पूरे मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और ठोस कदम उठाने का आग्रह किया, ताकि छात्रों की जायज मांगों पर सरकार त्वरित और सकारात्मक समाधान निकाल सके।

वहीं, भाजपा नेताओं की बातों को सुनने के बाद राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे राज्य की वर्तमान परिस्थितियों और छात्र आंदोलन से जुड़े तमाम घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।