रांची। रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने रांची नगर निगम के उस नोटिस पर नाराजगी जताई है जिसमें ट्रांसपोर्टर्स को तीन दिनों के बाद जालान रोड में माल की लदाई /उतराई का कार्य नहीं करने दिया जायेगा। एसोसिएशन ने इसे व्यवसाय विरोधी बताया है। इसके अध्यक्ष राजकिशोर सिंह राजू की अध्यक्षता में इसे लेकर रविवार को जालान रोड में एक बैठक आयोजित की गई। इसमें डिप्टी मेयर नीरज कुमार, अनेक ट्रांसपोर्टर्स, रांची लोकल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के सदस्य, झारखण्ड प्रगतिशील मजदूर यूनियन, झारखण्ड जनशक्ति मजदूर यूनियन, के सदस्य भी उपस्थित थे।
मौके पर रांची लोकल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के संरक्षक विन्दुल वर्मा ने कहा कि नगर निगम ने ट्रांसपोर्टर्स के लिए जो नोटिस जारी की है, वह निर्णय व्यवसाय विरोधी है। अपर बाजार स्थित जालान रोड मे खुदरा माल परिवहन करने वाले ट्रांसपोर्ट कंपनी के कार्यालय एवं गोदाम हैं जहां से दैनिक उपयोग में आने वाली वस्तुओं को राज्य भर में भेजा जाता है। यदि जालान रोड में ट्रांसपोटर्स को कार्य नहीं करने दिया जायेगा तो पूरे राज्य में दैनिक उपयोग में आने वाली वस्तुओं की आपूर्ति बाधित हो जाएगी। साथ ही रांची शहर की व्यवसायिक गतिविधियां प्रभावित हो जाएंगी। डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने उपस्थित व्यवसाय से जुड़े लोगों को आश्वासन दिया कि वे व्यावसायिक गतिविधियों को प्रभावित करने वाले निर्णय के खिलाफ हैं। रांची शहर साफ और सुन्दर हो, इसके साथ व्यवसाय भी सुचारु रूप से चले, यह उनका प्रयास होगा।
इस दौरान रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने कहा कि शहर में ट्रांसपोर्टर्स के लिए कोई ट्रांसपोर्ट नगर नहीं है, जो बना भी है, वह न अभी तक आवंटित किया गया, और न ही किसी उपयोग का है। कथित ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करना संभव ही नहीं है।
नगर निगम अपने निर्णय को वापस ले और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को सुचारूु रूप से चलने दे। ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े व्यवसायी, मजदूर इस निर्णय का विरोध करेंगे। आवश्यक हुआ तो अनिश्चितकाल के लिए ट्रांसपोटर्स हड़ताल की घोषणा करेंगे। बैठक में स्थानीय पार्षद सुनील यादव, ललित ओझा, देवेंद्र सिंह, मुकेश अग्रवाल, रविंद्र दुबे, दीपक सिंह, व्यवसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों के अलावा 200 से अधिक ट्रांसपोटर्स, मजदूर उपस्थित थे।
