रांची । एमएमडीआर बिल (खान एवं खनिज संसोधन बिल 2026) के खिलाफ कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार के खिलाफ हमलावर है। इस क्रम में पार्टी ने अब 7 सितंबर को लोक भवन के सामने प्रदेश स्तरीय धरना प्रदर्शन कार्यक्रम के लिए कमर कसना शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस की ओर से इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक कार्यक्रम तय किया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, आदिवासी कांग्रेस, एससी विभाग, सेवादल और रांची महानगर कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठकें अलग-अलग तारीखों में आयोजत होंगी।

बैठकों में 7 सितंबर के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने, संगठनात्मक समन्वय स्थापित करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। प्रदेश कांग्रेस क़े मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने इस संबंध में बताया कि एक सितंबर को एनएसयूआई कार्यकारिणी, महिला कांग्रेस कार्यकारिणी, युवा कांग्रेस, आदिवासी कांग्रेस, एससी विभाग के कार्यकारिणी की बैठक तय की गयी है। इसी तरह 3 सितंबर को सेवादल कार्यकारिणी के अलावा रांची महानगर जिला कांग्रेस कमिटी कार्यकारिणी की बैठक आहूत की गई है। बैठकों में संबंधित संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता 7 सितंबर के कार्यक्रम की तैयारियों, अधिकाधिक भागीदारी, आवश्यक समन्वय और कार्यक्रम की रणनीति पर चर्चा करेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की है। गौरतलब है कि पिछले दिनों प्रदेश कांग्रेस ने सभी 24 जिला मुख्यालयों में एमएमडीआर बिल के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया था।