​रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने राज्यभर में “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न जिलों में जिला समाहरणालय तक पैदल मार्च निकालेंगे और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करेंगे।

​यह रणनीति रविवार को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में आयोजित ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान तय की गई। इस वर्चुअल बैठक में सभी जिला अध्यक्षों और प्रभारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

​अभियान के तहत 2 से 8 अक्टूबर तक पूरे राज्य में 'लोकतंत्र बचाओ सप्ताह' का आयोजन चल रहा है।

​ स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार हर जिले में पैदल मार्च निकाला जाएगा, जो डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा से शुरू होकर जिला समाहरणालय तक जाएगा। मार्च के समापन स्थल पर सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया जाएगा और भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा।

​प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं।