रांची। भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कांग्रेस से युवाओं के भविष्य से खेलने वाली हेमंत सरकार से समर्थन वापस लेने की चुनौती दी है। शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि झारखंड की कांग्रेस समर्थित सरकार युवाओं के भविष्य को बेच कर अपनी तिजोरी भर रही है। जिस तरह से झारखंड में जेपीएससी जेएसएससी सीजीएल उत्पाद सिपाही, जूनियर इंजीनियर जैसी परीक्षाओं में गड़बड़ी हुई है, उसको देखते हुए कांग्रेस को सरकार से अपना समर्थन वापस लेना चाहिए। यहां तक कि सीएम को भी नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को बताया कि परीक्षा लीक मामले के रोकने के लिए लोकसभा के बाद राज्यसभा में भी बिल पास कर दिया गया। प्रधानमंत्री ना सिर्फ देश की समस्या को समझते हैं बल्कि उसका समाधान भी करते हैं। लेकिन झारखंड में जब से कांग्रेस समर्थित हेमंत सोरेन की सरकार आई है, तब से नौकरी बेचने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से नीट परीक्षा मामले में सभी विपक्षी दलों ने एकजुट होकर युवाओं के माध्यम से केंद्र सरकार पर दबाव बनाकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा था, आज वैसे ही विपक्षी दल झारखंड की सरकार में हैं और ऐसे में नैतिकता के आधार पर हेमंत सोरेन को अपना इस्तीफा दे देना चाहिए। चूंकि वे शिक्षा मंत्री भी हैं, इसलिए अपना इस्तीफा सौंपें अन्यथा युवा सड़क से लेकर सदन तक सरकार के खिलाफ आवाज उठाने को बाध्य होंगे।
करीबियों को जेपीएससी से दी जा रही नौकरी
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि सरकार ना सिर्फ परीक्षा में गड़बड़ी कर रही बल्कि जेपीएससी, जेएसएससी जैसी संस्था में अपने लोगों के परिजनों को स्थान दे रही। इसका खामियाजा युवाओं को भुगतना पड़ रहा है। संस्था में बैठे लोग अपने परिजनों को परीक्षा में पास करवा कर सरकारी नौकरी दे रहे हैं। लेकिन अब युवा इन सब गड़बड़ियों को देखते हुए सड़क पर उतर गई है और निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है।
अमर कुमार बाउरी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू के दिशा निर्देश पर जब भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने 22 जुलाई को जेपीएससी घेराव किया तो आनन-फानन में सरकार ने सीआईडी जांच का आदेश दे दिया। कई गिरफ्तारियां हुई, जेपीएससी के अध्यक्ष ने अपना इस्तीफा दिया, लेकिन बावजूद सरकार सीआईडी के माध्यम से जांच को अलग मोड़ देने का प्रयास कर रही है। प्रदेश महामंत्री ने सरकार से मांग किया कि जेपीएससी की सभी परीक्षाओं की जांच सीबीआई से करवाएं।
आज सभी जिलों में धरना
उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू के निर्देश पर शुक्रवार को सभी मंडलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। आज भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की ओर से सभी जिलों में धरना दिया जाएगा ताकि सरकार के कानों तक युवाओं की बात पहुंचे और छात्रों के साथ न्याय हो। संवाददाता सम्मेलन में प्रवक्ता दीनदयाल बर्णवाल, अजय राय, रमाकांत, रविनाथ किशोर भी उपस्थित रहे।
