​रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि एमएमडीआर (खान एवं खनिज विकास और विनियमन) संशोधन अधिनियम पर उसका विरोध पूरी तरह बेतुका और बेबुनियाद है। प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए श्री साहू ने कांग्रेस को ‘मुद्दाविहीन पार्टी’ करार दिया और कहा कि असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाना उसकी पुरानी फितरत रही है।

​आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि।। कांग्रेस ने झारखंड को अपना "एटीएम" बना रखा है, जिसका इस्तेमाल राज्य को लूटने और खोखला करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एमएमडीआर कानून के लागू होने से कोयले के अवैध कारोबार से आने वाली कांग्रेस की काली कमाई बंद होने वाली है, इसी छटपटाहट में वह राज्य भर में भ्रम फैला रही है। जबकि देश के अन्य राज्यों (कांग्रेस शासित राज्यों सहित) में इस कानून का कोई विरोध नहीं है।

​भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में आयरन ओर पर ₹600 और कोयले पर ₹450 प्रति टन सेस वसूला जा रहा है, जो पड़ोसी राज्यों की तुलना में काफी अधिक है। इसके कारण स्थानीय उद्यमियों को महंगा कोयला मिल रहा है।केंद्रीय कोयला मंत्री से हुई वार्ता का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के संरक्षण में कोयला चोरी हो रही है। यदि केंद्र सरकार मदद न करे तो बीसीसीएल कर्मचारियों के वेतन के भी लाले पड़ जाएंगे।चतरा, लातेहार, दुमका और गोड्डा जैसे खनिज समृद्ध जिलों में चोरी रोकने के लिए उन्होंने गृह मंत्री से सीआईएसएफ जवानों को तैनात करने का आग्रह किया है।

​श्री साहू ने कहा कि राज्य में छात्रों का बड़ा आंदोलन चल रहा है, जिन पर सरकार फर्जी मुकदमे दर्ज कर डरा-धमका रही है। इस विफलता को छिपाने के लिए कांग्रेस एमएमडीआर के नाम पर नाटक कर रही है। उन्होंने अलग झारखंड आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास आंदोलनों को खरीदने और बेचने का रहा है।

​प्रेसवार्ता के अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर कांग्रेस के इन मंसूबों को नाकाम करेगा। इस मौके पर प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा और शोभा यादव भी उपस्थित थीं।