रांची। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर झारखंड की राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और परेड सलामी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य समारोह रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित होगा, जहाँ सुबह 9:00 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
इस वर्ष मोरहाबादी मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में एक नया और ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान पहली बार राष्ट्रीय गान के साथ-साथ राष्ट्रीय गीत (वंदे मातरम) का भी गायन किया जाएगा।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक आनंद कुमार ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया किसुबह 8:55 बजे मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन) का आगमन होगा। सुबह 9:00 बजे संयुक्त परेड का निरीक्षण,राष्ट्रीय गीत का गायन और इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण और राष्ट्रगान होगा।
झंडोत्तोलन के बाद मुख्यमंत्री राज्य की जनता को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को सम्मानित भी किया जाएगा।
विधानसभा से लेकर जिला मुख्यालयों तक तिरंगे की शानः राजधानी में झारखंड विधानसभा परिसर में सुबह 9:30 बजे स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके अलावा मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) द्वारा राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों में झंडोत्तोलन के लिए मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आम लोगों के लिए विशेष व्यवस्था
रांची में बारिश की संभावना को देखते हुए मोरहाबादी मैदान में दर्शकों के लिए शेड बनाए गए हैं। इसके अलावा पेयजल और बिजली की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। प्रशासन की कोशिश है कि मौसम खराब होने की स्थिति में भी समारोह में पहुंचने वाले लोगों को परेशानी न हो। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यातायात व्यवस्था में भी बदलाव रहेगा। सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रांची शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। बड़े वाहनों को शहर के अलग-अलग बाहरी स्थानों पर रोकने की व्यवस्था की गई है। आम लोगों से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई है।
