रांची। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक मामलों को लेकर अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने शिकंजा कस दिया है। सोमवार को सीआईडी की टीम ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के नामकुम स्थित मुख्य कार्यालय में छापेमारी की और सचिव सुधीर गुप्ता से गहन पूछताछ की।

जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेएसएससी कार्यालय में छापेमारी की।जानकारी के अनुसार सीआईडी की टीम ने सबसे पहले सुबह पांच बजे ही जेएसएससी सचिव सुधीर गुप्ता के मोरहाबादी स्थित हरिहर सिंह रोड वाले आवास पर दबिश दी, जहां घंटों चली तलाशी के दौरान कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए। इसके बाद सीआईडी की टीम जेएसएससी कार्यालय पहुंची और वहां भी छापेमारी की। इस दौरान महत्वपूर्ण डिजिटल रिकॉर्ड्स और दस्तावेज जब्त किए गए हैं। वर्ष 2024 में आयोजित सीजीएल परीक्षा के माध्यम से 2,000 से अधिक पदों पर हुई नियुक्तियों के रिकॉर्ड्स खंगाले जा रहे हैं।

दूसरी ओर, झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) धांधली मामले में सीआईडी ने तत्कालीन अध्यक्ष एल. ख्यांगते को तीन दिनों की पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। साथ ही, आयोग की तत्कालीन सदस्य डॉ. अजीता भट्टाचार्य के निजी सहायक बीएन राम को साक्षात्कार में अंक बढ़वाने और अभ्यर्थियों से 40 लाख रुपये की वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जेएसएससी कार्यालय से महत्वपूर्ण कागजात जब्त किया गया है। सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ जारी है।