चतरा। जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के हेडम गांव में पुलिस ने अफीम तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से ढ़ाई किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई जा रही है।

थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में पुलिस ने अफीम के अलावा चार लाख रुपए नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और कई मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

हेडम गांव में अफीम की खेप तैयार कर उसे पंजाब ले जाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान पुलिस को तस्करों की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिल गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से चार तस्करों को दबोच लिया, हालांकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा।

शुरुआती तौर पर यह कार्रवाई सिर्फ एक खेप पकड़े जाने तक सीमित लग रही थी, लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच की तो इसके तार सीधे पंजाब और हरियाणा तक जुड़े मिले।

चतरा एसपी के अनुसार, इस अंतरराज्यीय गिरोह का काम करने का तरीका बेहद शातिर है। पंजाब और हरियाणा में बैठे मुख्य सरगना अब खुद चतरा आने से बचते हैं। वे अपने राज्यों में सुरक्षित रहकर यहीं के स्थानीय तस्करों को टास्क देते हैं। इसके बाद स्थानीय नेटवर्क के माध्यम से अफीम की खरीद-बिक्री कर इसे दूसरे राज्यों में सप्लाई किया जाता है। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी एक ही इलाके के रहने वाले हैं।

फिलहाल, पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी पूछताछ जारी है।